मसूरी: होटल की लीज के बाद विवाद! कर्मचारियों ने लगाए गंभीर आरोप | Uttarakhand News

Spread the love

मसूरी के अंबेडकर चौक के पास स्थित पैराडाइज मेंशन होटल में मालिकाना हक बदलने और उसे लीज पर दिए जाने के बाद कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। होटल के लगभग 25 कर्मचारियों ने प्रबंधन और नए लीज धारकों पर अचानक बिना किसी पूर्व नोटिस के नौकरी से निकालने, गाली-गलौज करने और होटल परिसर में बंधक बनाने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाद उस समय और गहरा गया जब होटल के मुख्य गेट और किचन पर ताले जड़ दिए गए, जिससे कई कर्मचारी अंदर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और पूर्व पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल मौके पर पहुंचे, जिनके हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने ताले खुलवाए और स्थिति को संभाला। वर्तमान में होटल के जनरल मैनेजर सुरेश पवार सहित सभी कर्मचारियों ने काम का पूरी तरह से बहिष्कार कर दिया है और वे अपने बकाया वेतन व खातों के पूर्ण भुगतान की मांग पर अड़े हुए हैं।