उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं के खिलाफ स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा है। क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में उच्चीकृत (अपग्रेड) करने की पांच सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन के सातवें दिन भारी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्य बाजार से परखाल पुल तक एक विशाल जनाक्रोश रैली निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज नेगी ने इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान खींचने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपने खून से पत्र लिखकर गुहार लगाई है, जिससे इस आंदोलन की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नारायणबगड़ विकासखंड की 35 हजार से अधिक की आबादी बुनियादी इलाज के लिए केवल इसी केंद्र पर निर्भर है। अस्पताल में स्थायी और विशेषज्ञ डॉक्टरों, महिला चिकित्सक की कमी तथा पर्याप्त बेड न होने के कारण मरीजों को मजबूरन मीलों दूर अन्य शहरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। आंदोलनकारियों ने थराली एसडीएम के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा है और स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक शासन या सरकार का कोई जिम्मेदार प्रतिनिधि मौके पर आकर उनकी मांगों पर ठोस और लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक यह अनिश्चितकालीन धरना और आंदोलन समाप्त नहीं होगा।