BJP में कलह – मदन कौशिक पर आरोपों के बाद दो और MLA बोले, पार्टी के भीतर ही हैं ‘गद्दार’

Spread the love

भाजपा के भीतर कलह साफ तौर पर उजागर होकर सतह पर आती दिख रही है और अंदेशा है कि यह सिलसिला लगातार दिख सकता है. हरिद्वार ज़िले की लक्सर सीट से सिटिंग​ विधायक संजय गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को ‘गद्दार’ कहा और उसके बाद अब तक दो और विधायक पार्टी में ‘गद्दारी’ को लेकर खुलकर सामने आ चुके हैं. काशीपुर से सिटिंग विधायक हरभजन सिंह चीमा और चंपावत से सिटिंग विधायक कैलाश गहतोड़ी ने पार्टी में भितरघात होने के आरोप लगाते हुए इस मामले को हाईकमान तक ले जाने की बात कह दी है.

न्यूज़18 संवाददाता गोविंद पाटनी की रिपोर्ट के मुताबिक काशीपुर में विधायक हरभजन सिंह चीमा ने पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओ पर गद्दारी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इन चुनावों में पार्टी के कुछ गद्दारों ने पार्टी के प्रति अपना धर्म नहीं निभाया. ऐसे लोगों से पार्टी को नुकसान पहुंचा है, जिसके बारे में पार्टी को जानकारी भी है. चीमा ने कहा कि पार्टी को ऐसे गद्दारों पर कार्रवाई करना होगी. काशीपुर सीट से सिटिंग विधायक चीमा के बेटे त्रिलोक सिंह चीमा इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े हैं.

चंपावत में ऐसे सामने आई कलह
न्यूज़18 संवाददाता कमलेश भट्ट की रिपोर्ट के अनुसार चंपावत से भाजपा के प्रत्याशी और मौजूदा विधायक कैलाश गहतोड़ी ने अपनी पार्टी और संगठन पर मतदान के दिन भितरघात करने का आरोप लगाया. गहतोड़ी ने कहा कि जो लोग चुनाव से पहले पार्टी में शामिल हुए, उन्होंने खास तौर से बड़ा नुकसान करवाया. पार्टी फोरम में शिकायत करने की बात गहतोड़ी ने कही, तो चम्पावत में भाजपा के जिलाध्यक्ष दीपक पाठक ने गहतोड़ी से आरोपियों के नाम मांगे हैं और जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है.

क्या हार मान चुके हैं भाजपा उम्मीदवार?
लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने न केवल पार्टी के भीतर के गद्दारों से नुकसान होने की बात कही, बल्कि दो दिनों से वह मदन कौशिक की संपत्ति और भूमिका को लेकर भी बड़े आरोप लगा रहे हैं. गुप्ता के अलावा गहतोड़ी और चीमा के आरोपों से एक संदेश तो यही जा रहा है कि भाजपा इन सीटों पर अपनी हार मान चुकी है. दूसरा अंदेशा यह बना हुआ है कि अभी और भी सीटों पर इस तरह के आरोप सामने आ सकते हैं.