PM मोदी आज करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, देंगे तीन राज्यों को सौगात

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट से उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर के बीच कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी। Delhi Dehradun Expressway माना जा रहा है कि यह एक्सप्रेस-वे न सिर्फ यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि उत्तराखंड के विकास के लिए भी नए रास्ते खोलेगा। प्रधानमंत्री 11,963 करोड़ से तैयार दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर को जनता को समर्पित कर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली को सौगात देंगे। पहली बार राजधानी दून में 12 किमी का रोड शो करेंगे और फिर गढ़ी कैंट स्थित मैदान से जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा रहेगी और बड़े स्तर पर वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा। सुबह करीब 10:30 बजे पीएम मोदी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलिकॉप्टर से वे सहारनपुर के गणेशपुर स्थित हेलीपैड पर 10:50 बजे पहुंचेंगे। 11:10 पर एलिवेटेड कॉरिडोर का व्यू प्वाइंट देखेंगे। यहां पर उनका स्वागत फूल बरसाकर किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। इसके बाद एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर से होते हुए सुबह 11:35 बजे पीएम मोदी कार से मां डाट काली मंदिर पहुंच जाएंगे।

डाट काली मंदिर में पीएम मोदी करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना करेंगे। यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनका स्वागत करेंगे। दोपहर करीब 12 बजे डाट काली मंदिर से शहीद जसवंत सिंह मैदान तक रोड शो करेंगे। इस दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ता उन पर पुष्प वर्षा कर स्वागत करेंगे। 12:30 बजे पीएम मोदी जनसभा स्थल पर पहुंच जाएंगे। वहां से दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे को आमजन को समर्पित करेंगे और मैदान से ही जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन गणेशपुर में कार्यक्रम स्थल पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। पीएम मोदी उत्तराखंड को दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर समेत कई जल विद्युत परियोजनाओं व अन्य योजनाओं की सौगात देंगे। दोपहर करीब 1:30 बजे पीएम कार्यक्रम स्थल से कैंट स्थित जीटीसी हेलीपैड पहुंचेंगे। दोपहर 1:40 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे। वहां से 1:50 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। गौर हो कि पीएम मोदी आज अपने 28वें दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी का यह दौरा देवभूमि उत्तराखंड के लिए कई मायनों में अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी आज देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर लोगों को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी राजधानी देहरादून में आशारोड़ी से लेकर गढ़ी तक अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।