अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना, महिला सुरक्षा पर कही ये बात

Spread the love

देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर पूरे उत्तराखंड में आक्रोश देखा जा रहा है। इस हत्याकांड से जहां पूरा पहाड़ आहत है। वहीं, राजनीतिक दल इसे सियासी मुद्दा बनाने में जुटे हुए हैं। प्रदेश की राजनीति के साथ-साथ अब दिल्ली की राजनीति में भी अंकिता हत्याकांड की गूंज सुनाई दे रही है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर उत्तराखंड अंकिता हत्याकांड को लेकर प्रतिक्रिया दी है।

राहुल ने ट्वीट किया कि मुरादाबाद और उत्तराखंड में युवतियों के साथ जो घटनाएं हुई हैं, उसने सबका दिल दहला दिया है। भारत जोड़ो यात्रा में, मैं कई प्रतिभाशाली बच्चियों और युवतियों से मिल रहा हूं। उन्हें सुन रहा हूं। एक बात साफ है, हमारा भारत तब ही आगे बढ़ेगा, जब देश की महिलाएं सुरक्षित होंगी। वहीं, कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी अंकिता हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए और गंभीर आरोप लगाएं। सुप्रिया ने कहा उत्तराखंड के एक रिसॉर्ट में अंकिता भंडारी काम करती थी। जिसका मालिक पुलकित आर्य, जो कि भाजपा के पूर्व मंत्री विनोद आर्य का पुत्र है। पुलिकत ने अंकिता को देह व्यापार करने के लिए विवश किया, लेकिन जब अंकिता ने ऐसा करने से मना कर दिया।

जिससे नाराज सत्ता के नशे में डूबे पुलकित आर्य ने अंकिता को नहर में फेंक कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद एक्शन तब लिया गया, जब 6 दिनों तक अंकिता नहीं मिली और जनाक्रोश अपने चरम सीमा पर पहुंचा। सुप्रिया ने कहा इससे पहले भी चाहे कुलदीप सिंह सेंगर हो या फिर चिन्मयानंद सहित कई ऐसे भाजपा नेता है। जिनका महिला से दुष्कर्म और यौन शोषण में नाम सामने आया है। ऐसा क्यूं है कि बीजेपी के सांसद, विधायक और मंत्रियों को लगाता है कि वह औरतों के साथ ऐसा कर लेंगे और उन्हें राजनीतिक संरक्षण मिलता रहेगा। ये अपने आप में सोचने की बात है।