रुद्रपुर जिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को लेकर विधायक शिव अरोरा ने मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान विधायक ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उन्हें मिल रहे उपचार तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक में हाल ही में हुए चिकित्सकों के स्थानांतरण के बाद उत्पन्न रिक्त पदों पर विस्तार से चर्चा की गई।अस्पताल प्रशासन ने बताया कि आठ डॉक्टरों का स्थानांतरण हुआ था, जिनमें अधिकांश के स्थान पर नए चिकित्सकों की तैनाती के आदेश जारी हो चुके हैं, जबकि दो स्त्री रोग विशेषज्ञ और एक रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के आदेश अभी शेष हैं।विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर जिला अस्पताल में प्रतिदिन जिलेभर और औद्योगिक क्षेत्र से हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में डॉक्टरों की कमी से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को पत्र भेजा गया है।साथ ही स्वास्थ्य मंत्री से दूरभाष पर हुई बातचीत में जल्द सभी रिक्त पदों पर चिकित्सकों की तैनाती का आश्वासन मिला है।विधायक ने कहा कि बाल रोग, स्त्री रोग, फिजिशियन, हड्डी रोग और रेडियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में जल्द नए डॉक्टर अपनी सेवाएं देना शुरू करेंगे।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिला अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।विधायक ने भरोसा जताया कि चिकित्सकों की नियुक्ति पूरी होते ही जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तरह सुचारु और प्रभावी हो जाएंगी, जिससे आम लोगों, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।