रुद्रप्रयाग पहुंची साइकिल रेस! 658 KM का सफर… कितनी कठिन चुनौती?

Spread the love

उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘पंचम अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026’ के तहत देश-विदेश के साइकिलिस्टों का दल दुर्गम पहाड़ी रास्तों को पार कर रुद्रप्रयाग पहुंच चुका है। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) और साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के संयुक्त तत्वावधान में 20 से 26 नवंबर तक चल रही इस 658 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय रेस का कारवां बागेश्वर और चमोली के तीखे मोड़ों व खड़ी चढ़ाइयों से गुजरते हुए जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में पहुंचा। पिछले चरण में हरियाणा के शिवेन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि लद्दाख के त्सेवांग नोरबू दूसरे और आर्मी एडवेंचर टीम के खुशिमान घरती तीसरे स्थान पर रहे।

कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के 10 जिलों को जोड़ने वाली इस बेहद चुनौतीपूर्ण रेस में आज 23 नवंबर को प्रतिभागियों के लिए तिलवाड़ा में विश्राम दिवस (रेस्ट डे) रखा गया है, ताकि राइडर्स अगले कठिन चरणों के लिए खुद को तैयार कर सकें। नैनीताल के मुक्तेश्वर से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा 24 नवंबर को तिलवाड़ा से टिहरी की कोटी कॉलोनी के लिए रवाना होगी और 26 नवंबर को देहरादून के मसूरी में संपन्न होगी। बदलते तापमान और ऊंचे हिमालयी रास्तों की इस कड़ी परीक्षा के बीच रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन और पुलिस ने प्रतिभागियों की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और ठहरने के पुख्ता इंतजाम किए हैं।