हरिद्वार में काल बनकर दौड़ी बेकाबू कार, मॉर्निंग वॉक से लौट रहे बुजुर्ग को रौंदा; मौके पर मौत

Spread the love

धर्मनगरी हरिद्वार में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कनखल कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में 70 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि साथ चल रही एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार (22 नवंबर) सुबह करीब 7:30 बजे कनखल क्षेत्र के सिंहद्वार और देशरक्षक चौराहे के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक हुई। कनखल के ओम विहार निवासी 70 वर्षीय गुलशन गोयल रोजाना की तरह सुबह की सैर के बाद अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ रेखा नाम की एक महिला भी पैदल चल रही थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, देहरादून नंबर (UK07) की एक सफेद वैगनआर कार बेहद तेज गति से आ रही थी। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और कार सड़क किनारे फुटपाथ की ओर चढ़ गई। कार ने पैदल चल रहे गुलशन गोयल और रेखा को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों को कुचलने के बाद कार पास में लगे एक खंभे से जा टकराई और रुक गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग गुलशन गोयल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल हुईं रेखा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है।