जनसुनवाई में गूंजा पीड़ितों का दर्द, देहरादून DM ने दिलाया न्याय व सुरक्षा का भरोसा

Spread the love

देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दरबार में जिलेभर से आए फरियादियों की समस्याओं पर सुनवाई की गई। जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, आर्थिक सहायता, रोजगार, शिक्षा, नगर निगम और एडीए से जुड़ी कुल 195 शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों और समाज के कमजोर वर्गों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान समाज के कमजोर, बुजुर्ग और पीड़ित वर्ग से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अम्बीवाला निवासी नेशनल पैरा ओलंपिक खिलाड़ी विजय चौधरी ने शिकायत की कि न्यायालय में विचाराधीन उनकी माता के नाम दर्ज भूमि पर पड़ोसी महिला द्वारा पेड़ काटे जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही एसडीएम को न्यायालय के अग्रिम आदेशों तक भूमि में यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए। भूतपूर्व सैनिक राजेश कुमार ने 2016 में खरीदी गई भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। जांच में विपक्षी की कार्रवाई निराधार पाए जाने पर जिलाधिकारी ने एसडीएम विकासनगर को शिकायतकर्ता को तत्काल भूमि पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।

जौलीग्रांट निवासी बुजुर्ग विधवा लक्ष्मी तोमर ने अपने दिवंगत पति की ₹1.37 लाख की चिकित्सा प्रतिपूर्ति लंबित होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने शिक्षा अधिकारी से तत्काल स्पष्ट आख्या प्रस्तुत करने को कहा। एटनबाग के काश्तकारों द्वारा सिंचाई नहर पर अवैध निर्माण की शिकायत पर अधिशासी अभियंता को दो दिन में जांच कर समाधान के निर्देश दिए गए। डालनवाला क्षेत्र में फर्जी जमीन दिखाकर ₹8 लाख की ठगी के मामले में क्षेत्राधिकारी पुलिस को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ऋषिकेश निवासी बुजुर्ग छज्जू राम ने पुत्रवधू द्वारा मारपीट और घर से निकालने की शिकायत की। वहीं हरिपुर कलां निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग ने निजी भूमि और सरकारी सड़क पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।