चमोली में व्यवस्था की खुली पोल! डंडी पर गर्भवती महिला, नहीं मिले डॉक्टर! | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के चमोली जिले से स्वास्थ्य और सड़क व्यवस्था की बदहाली की एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। देवाल ब्लॉक के पिनाऊं गांव में सड़क न होने के कारण 33 वर्षीय गर्भवती महिला खिमली देवी को प्रसव पीड़ा होने पर ग्रामीणों को 6 किलोमीटर तक डंडी-कंडी के सहारे पथरीले रास्तों से पैदल अस्पताल ले जाना पड़ा। Woman Carry On Dandi Kandi हालांकि, खराब मौसम के कारण आपातकालीन हेलीकॉप्टर सेवा भी मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस कठिन रास्ते को पार कर जब ग्रामीण देर रात महिला को देवाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) लेकर पहुंचे, तो वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिसके बाद महिला को तुरंत बागेश्वर जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा। इस घटना ने पर्वतीय क्षेत्रों में विकास के दावों की जमीनी हकीकत को उजागर कर दिया है। स्थानीय ग्रामीणों और ग्राम प्रधान का कहना है कि पिछले 11 वर्षों से वे गांव में सड़क निर्माण का इंतजार कर रहे हैं और दो-दो मुख्यमंत्रियों की घोषणाओं के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। क्षेत्र में सड़क और डॉक्टरों की कमी के कारण आए दिन मरीजों को भगवान भरोसे रहना पड़ता है, जिससे स्थानीय जनता में प्रशासन और सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है।