उत्तराखंड में बढ़ेगा सर्दी का सितम, इन जिलों में कोहरा लोगों की छुड़ाएगा कंपकंपी; येलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में घने कोहरा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में अधिक पाला पड़ने की भी संभावना है।

Share

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड से जनजीवन बेहाल हो गया है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण दुश्वारियां बढ़ गई हैं। Uttarakhand Weather 22 January पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते ठंडी हवाओं के कारण लोगों को दिन में भी ठंडक का अहसास हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में घने कोहरा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में अधिक पाला पड़ने की भी संभावना है। राजधानी देहरादून में भी प्रदेश भर की तरह मौसम साफ रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान के 4 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद जताई है। हालांकि प्रदेश भर के मैदानी क्षेत्रों में ही तापमान काफी ज्यादा लुढ़क रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर के साथ ही पौड़ी, नैनीताल व देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में मध्यम कोहरा छाने और शीत दिवस की स्थिति को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ दिनों में ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में फिलहाल कमी बनी रह सकती है। इस सबके बीच मौसम को लेकर सबसे खास बात यह है कि नए साल में जनवरी के तीसरे हफ्ते की भी विदाई हो चुकी है। लेकिन अब तक बारिश और बर्फबारी नहीं देखने को मिल रही है। हालांकि मौसम विभाग आने वाले दिनों में कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना व्यक्त कर रहा है। लेकिन जिस तरह के हालात इन दिनों बने हुए हैं, उससे यह साफ है कि इस साल सर्दी अपने पैटर्न को बदल रही है और ये मौसम में बदलाव अच्छा संकेत नहीं है।