शीतकालीन चारधाम यात्रा: 12 नवंबर से इन 4 पवित्र स्थानों पर पूजे जाएंगे बदरी-केदार और गंगा-यमुना

Spread the love

उत्तराखंड में मुख्य चारधाम मंदिरों के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने की प्रक्रिया के बीच 12 नवंबर 2026 से शीतकालीन चारधाम यात्रा का औपचारिक आगाज होने जा रहा है। Winter Char Dham Yatra इस साल ग्रीष्मकालीन यात्रा में 60.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड दर्शन करने के बाद, अब राज्य सरकार और पर्यटन विभाग सर्दियों में भी धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मुख्य धामों में भारी बर्फबारी के कारण कपाट बंद होने के बाद श्रद्धालु अगले छह महीनों तक चारों धामों के देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना और दर्शन उनके निर्धारित शीतकालीन प्रवास स्थलों (गद्दीस्थलों) पर कर सकेंगे।

शीतकालीन यात्रा के दौरान चारों धामों के दर्शन के लिए अलग-अलग स्थान तय किए गए हैं। गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां गंगा के दर्शन उत्तरकाशी के मुखवा (मुखीमठ) गांव में होंगे, जबकि यमुनोत्री धाम की अधिष्ठात्री देवी मां यमुना की पूजा उनके मायके खरसाली (खुशीमठ) स्थित मंदिर में की जाएगी। इसी तरह, बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली कपाट बंद होने के पश्चात 13 नवंबर को रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होगी। वहीं, 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान बदरीविशाल की शीतकालीन पूजा पांडुकेश्वर के योगध्यान बदरी मंदिर और जोशीमठ के नृसिंह मंदिर में संपन्न होगी।