मौत सामने थी, पर नहीं खोया आपा! रुद्रप्रयाग में परिवार ने ऐसे किया खूंखार गुलदार को वॉशरूम में कैद

Spread the love

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के सुमाड़ी बाजार क्षेत्र में देर रात एक गुलदार पालतू कुत्ते का पीछा करते हुए रिहायशी घर के भीतर घुस गया। जंगल से भटककर आया यह गुलदार आंगन में मौजूद कुत्ते पर हमला करते हुए उसे जबड़े में दबाकर घर के वॉशरूम में जा घुसा। कुत्ते के भौंकने और कराहने की आवाज अचानक बंद होने पर मकान मालिक दिनेश थपलियाल और उनके परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। जब वे बाहर निकले और गुलदार को वॉशरूम के अंदर देखा, तो उन्होंने बिना घबराए अद्भुत साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत बाहर से दरवाजे की कुंडी लगा दी और गुलदार को भीतर ही कैद कर लिया। इस घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और 50 से अधिक ग्रामीण पूरी रात दहशत के साये में जागकर पहरा देते रहे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित पिंजरे में कैद किया। गुलदार के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली, हालांकि ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति रोष भी देखा गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से आबादी वाले इलाके में गुलदार की लगातार आवाजाही बनी हुई है, इसलिए प्रशासन को नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।