उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता और पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य पहली बार मीडिया के सामने आए हैं। Ankita Murder Case News Update रविवार को हरिद्वार प्रेस क्लब में अपने अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने पुलिस और एसआईटी (SIT) की जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान विनोद आर्य ने अंकिता भंडारी और उनके एक पुरुष मित्र (पुष्पदीप) के बीच हुई कथित व्हाट्सएप चैट के 4,000 से अधिक पन्नों का रिकॉर्ड मीडिया के सामने रखा। उन्होंने दावा किया कि इन संदेशों में उनके बेटे पुलकित का कहीं जिक्र नहीं है। आर्य का आरोप है कि अंकिता की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि वह अपने माता-पिता और दोस्त के कथित उत्पीड़न व मारपीट से परेशान होकर आत्महत्या के लिए मजबूर हुई थी।
रिसॉर्ट में किसी ‘वीआईपी’ (VIP) के आने की बात को पूरी तरह खारिज करते हुए विनोद आर्य ने कहा कि राजनीतिक और जनदबाव के चलते उनके बेटे को गलत तरीके से फंसाया गया है। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपील की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई (CBI) से कराई जाए और अंकिता को कथित तौर पर प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई हो। गौरतलब है कि 19 वर्षीय अंकिता भंडारी सितंबर 2022 में ऋषिकेश के पास स्थित वनंत्रा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं। मामले की सुनवाई के बाद निचली अदालत ने सबूतों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के आधार पर 30 मई 2025 को पुलकित आर्य समेत तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वर्तमान में यह मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है और सीबीआई भी अलग से कथित वीआईपी भूमिका की जांच कर रही है।