प्रेमनगर में दो गुटों में बवाल!खेरी गांव में जमकर चले लाठी-डंडे! | Uttarakhand News

Spread the love

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां केहरी गांव में देर रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि दोनों गुटों के लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर सड़कों पर उतर आए। प्रेमनगर मुख्य हाईवे पर हुई इस हिंसक भिड़ंत के कारण इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत केहरी गांव के भीतर हुई थी, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों के दर्जनों युवक प्रेमनगर थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित मुख्य हाईवे पर आ गए। बीच सड़क पर दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान जमकर पथराव भी हुआ। राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोगों के सिर फूटने और गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।

घटना से जुड़ा एक बेहद विचलित करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इस हिंसक झड़प में महिलाएं भी बीच-बचाव करने या शामिल होने आई थीं। इसी दौरान कुछ युवकों ने एक महिला को अकेले घेर लिया और उस पर बेरहमी से घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। महिला के साथ हुई इस बर्बरता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। हाईवे पर बवाल की सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के आने से पहले ही कई उपद्रवी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और इसके आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले और महिला के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।