उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में हो रही बारिश के कारण लोगों की काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ों पर कई जगहों पर लगातार भूस्खलन हो रहा हैं। प्रदेश के सभी जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। खास बात ये कि प्रदेश के तमाम क्षेत्रों में 70 एमएम से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। जिसके चलते आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलों को अलर्ट जारी कर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून के मुताबिक, 7 जुलाई से 10 जुलाई तक प्रदेश के पर्वतीय जिलों से लेकर मैदानी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही कुछ क्षत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। प्रदेश में मानसून के दस्तक के बाद से ही लागातर सड़कें बाधित हो रही हैं। वर्तमान स्थिति ये है कि प्रदेश में अभी भी 43 सड़कें बंद हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, पीडब्लूडी की 12 सड़कें और पीएमजीएसवाई की 31 सड़कें यानी कुल 43 सड़कें बाधित चल रहे हैं। वहीं, सचिव सुमन ने जनता से अपील किया कि जो लोग उत्तराखंड आना चाहते हैं या पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा पर जा रहे हैं, वो बारिश के दौरान यात्रा करने से बचें। क्योंकि, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान पत्थर, मलबा गिरने का खतरा बना रहता है। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है।