2027 में बीजेपी का गढ़ फतह करने का दावा | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में चंपावत से शुरू होकर पिथौरागढ़ होते हुए बागेश्वर जिले की कपकोट विधानसभा पहुंचकर संपन्न हुई। कपकोट के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में गोदियाल ने हजारों कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के गढ़ माने जाने वाले कपकोट और बागेश्वर विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस की जीत का संकल्प दिलाया। सभा में तल्ला, मल्ला और विचला दानपुर के साथ-साथ काण्डा, कमस्यार और दुग-नाकुरी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन यात्रा का जोरदार स्वागत करते हुए प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का दावा किया। मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कुमाऊँ मंडल के तीन जिलों के अंतर्गत आने वाली आठ विधानसभा सीटों पर परिवर्तन की स्पष्ट लहर दिखाई दे रही है। उनका कहना था कि यह परिवर्तन केवल सत्ता बदलने का नहीं, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड को बचाने की दिशा में होना चाहिए।

गोदियाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि धामी सरकार हर मोर्चे पर असमंजस की स्थिति में है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के भीतर ही विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बदलने की चर्चाएं चल रही हैं। परिवर्तन यात्रा के समापन के साथ कांग्रेस ने कुमाऊँ क्षेत्र में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश तेज कर दी है। वहीं भाजपा के गढ़ माने जाने वाले कपकोट और बागेश्वर में कांग्रेस की सक्रियता ने क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दी हैं।