Lok Sabha Election: उत्तराखंड भाजपा ने भेजे 55 दावेदारों के नाम, अब केंद्रीय नेतृत्व पर टिकी निगाहें

Spread the love

लोकसभा चुनाव की तैयारियों के साथ उत्तराखंड भाजपा ने अब प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। BJP Lok Sabha Candidates in Uttarakhand  बीजेपी प्रदेश चुनाव संचालन समिति ने सभी 5 लोकसभा सीटों के लिए 55 दावेदारों के नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिए हैं। ऐसे में शीर्ष नेतृत्व 5 नामों पर मुहर लगाएगी। चुनाव संचालन समिति की बैठक में इन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने का निर्णय हुआ। इनमें धामी सरकार के कुछ मंत्री, पार्टी के विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, 29 फरवरी को केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक है, जिसमें उत्तराखंड की पांच में से दो सीटों पर प्रत्याशी घोषित हो सकते हैं।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और चुनाव संचालन समिति के सदस्यों के बीच लोकसभा चुनाव प्रत्याशियों के नामों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान सभी लोकसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों को लेकर भेजे गए पार्टी पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पेश की गई। जिसमें स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय, सामाजिक संतुलन और रणनीतिक दृष्टि से विचार विमर्श कर केंद्र को भेजे जाने वाले नामों को फाइनल किया गया। महेंद्र भट्ट ने बताया ने लोकसभा सीटों के लिए न्यूनतम 5 और अधिकतम 9 नामों का पैनल को अंतिम रूप दिया गया। इस तरह उत्तराखंड की पांचों सीटों पर 55 नामों को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जा रहा है।