उत्तराखंड में लगातार बारिश का दौर जारी, चारधाम व हेमकुंड साहिब यात्रा अस्थायी तौर पर रोकी

Spread the love

उत्तराखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। साथ ही नदी-नालों के समीप ना जाने की अपील की है, क्योंकि मानसून में नदी-नालों का अचानक जलस्तर बढ़ जाता है। देहरादून मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही लोगों को सचेत रहने की अपील की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में गर्जन और बिजली चमकने के साथ मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो 26 जुलाई तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसे ही रहने के आसार हैं।

चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन को देखते हुए सोमवार को एहतियात के तौर पर चारधाम यात्रा का संचालन अस्थायी रूप से कुछ समय के लिए रोकने का निर्णय लिया गया। मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने बताया कि रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी जिले के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर मौजूद तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही आगे की यात्रा कराई जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय केवल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वर्तमान मौसम व मार्ग की स्थिति के मद्देनजर एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है। मार्ग सुरक्षित होने और परिस्थितियां सामान्य होने पर यात्रा का संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा। चारधाम व हेमकुंड साहिब यात्रा में अब तक 45 लाख तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। हालांकि बारिश के कारण तीर्थयात्रियों की संख्या काफी कम हुई है।