उत्तराखंड में पहली बार होगा सफेद बाघ का दीदार! मुख्यमंत्री धामी ने खोला ‘तेजस’ का बाड़ा

Spread the love

राज्य के वन्यजीव पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का विधिवत लोकार्पण किया। इसके साथ ही राज्य के किसी चिड़ियाघर में पहली बार पर्यटकों के लिए सफेद बाघ के दीदार का रास्ता साफ हो गया है। लगभग ढाई वर्ष के नर सफेद बाघ तेजस को केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (CZA) के वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत मध्य प्रदेश के ग्वालियर चिड़ियाघर से देहरादून लाया गया है, जिसके बदले यहां से रॉयल बंगाल टाइगर ‘भोला’ को ग्वालियर भेजा गया है। क्वारंटाइन और स्वास्थ्य जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तेजस अब आम पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बन गया है।

लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं और छात्रों के हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की कि स्कूली बच्चों के बाद अब कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रकृति, जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना है। मुख्यमंत्री ने चिड़ियाघर की बढ़ती लोकप्रियता का जिक्र करते हुए बताया कि यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक आते हैं, जिससे 7 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त होता है। इस मौके पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।