हल्द्वानी: बायपास का निरीक्षण करने पहुंचे धामी,अखिलेश के बयान पर फिर क्यों भड़के?| Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के लोगों को उत्तर प्रदेश में “घुसपैठिया” बताए जाने पर तीखा पलटवार किया है। सीएम धामी ने इस बयान को देवभूमि की अस्मिता, संस्कृति और देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात यहां के वीर सैनिकों का घोर अपमान करार दिया है। उन्होंने सपा प्रमुख पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड के स्वाभिमानी नागरिकों को बाहरी बताना उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है, जिसके लिए अखिलेश यादव को तुरंत उत्तराखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

इस सियासी विवाद को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री धामी ने मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल के दौरान हुए रामपुर तिराहा गोलीकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने तंज कसा कि अलग उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर पूर्व में गोलियां चलवाई गईं और अब उत्तर प्रदेश के मूल निवासी उत्तराखंडियों को घुसपैठिया कहा जा रहा है। इसके साथ ही धामी ने सपा की सहयोगी कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए पूछा कि देवभूमि के इस अपमान पर कांग्रेस नेतृत्व चुप क्यों है और क्या वह अपने गठबंधन सहयोगी के इस बयान से सहमत है।