उत्तरकाशी: बरसात के मौसम में आये दिन भारी बारिश के कारण होने वाले नुकसान की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इस बार भी बारिश आफत बनकर सामने आई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी जिले में बारिश जारी है। जिले की यमुना वैली में बीती देर शाम से हुई तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे जगह-जगह जलभराव और भूस्खलन हो रहा है।
यमुनोत्री धाम में विद्युत आपूर्ति भी ठप पड़ी हुई है। यमुनोत्री हाईवे पर खनेडा पुल के पास की बस्ती को यमुना नदी से कटाव का खतरा पैदा हो गया है। बड़कोट के वार्ड नंबर-7 में जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों को जागकर रात गुजारनी पड़ रही है। बड़कोट में सड़कें तालाब में तब्दील हो गई है। लोगों के घरों में पानी घुस गया है। देर रात से क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग खनेड़ा व डाबर कोट में बोल्डर व मलवा आने से अवरुद्ध हो गया है।
बता दें कि जनपद उत्तरकाशी में इस समय 13 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। सिमलसारी गैर मोटर मार्ग पर नदी उफान पर है और कई जगहों से बंद है। इसके अलावा नौगांव सिउरी मोटर मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है और फसलों को भी नुकसान की सूचना है।आपदा के समय अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने पर नगरपालिका अध्यक्ष ने सिस्टम पर सवाल खड़ा किया है, तो वहीं नगरवासी आरोप लगा रहे कि वह रात भर परेसान रहे, लेकिन किसी जिम्मेदार अधिकारी ने फोन नहीं उठाया