डोईवाला क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। घटना से पहले युवती ने एक वीडियो बनाकर अपना दर्द बयां किया था। इसके बाद उसने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. मृतका की शादी को अभी 8 महीने ही हुए थे। घटना से पहले युवती ने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘सॉरी मम्मी, सॉरी पापा, सॉरी रूचि पता नहीं सब कुछ बहुत अजीब सा हो गया है. 6 महीने से सह रही हूं, अब और सहा नहीं जाता। ये लोग कभी चेंज नहीं हो सकते. सब शुरुआत शादी के बाद हुआ। मामले में मृतका की मां ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर डोईवाला थाना पुलिस ने मृतका के पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका का पति सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात बताया जा रहा है।
परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी सृष्टि की शादी नवंबर 2025 में हर्रवाला में दिल्ली फॉर्म के पास रहने वाले सौरभ रतूड़ी से हुई थी। सौरभ, सचिवालय में निजी सचिव पद पर तैनात है। शादी के बाद से ही उनकी बेटी लगातार प्रताड़ित किया जाता था। ससुराल वाले कभी दहेज तो कभी अन्य बातों को लेकर उसे अपमानित करते थे। पीड़िता की मां सीमा कंडारी ने कहा कि उनकी बेटी भी सरकारी टीचर थी। 28 और 29 जुलाई को उनकी बेटी से फोन पर बातचीत नहीं हुई तो उन्होंने किसी जानकार को बेटी के ससुराल की जानकारी करने भेजा, जिसने फोन पर उन्हें बताया की बेटी की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है जिसके बाद श्रीनगर से परिवार देहरादून पहुंच गया और यहां आकर उन्हें पता लगा कि उनकी बेटी की मौत हो गई।