देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल में मचा बवाल! मेडिकल बनवाने पहुंचे दो पक्ष भिड़े | Uttarakhand News

Spread the love

देहरादून के कोरोनेशन जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार देर रात मेडिकल परीक्षण कराने आए दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें जमकर लाठियां और बेल्टें चलीं तथा अस्पताल में भारी तोड़फोड़ की गई। रविवार रात करीब 11 बजे दो पक्षों के लगभग 15 से 20 युवक अस्पताल की इमरजेंसी विंग में पहुंचे थे। दोनों गुटों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और वे अपनी चोटों का मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने पहुंचे थे। इमरजेंसी में आमने-सामने होते ही दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। उपद्रवी युवकों ने अस्पताल की कुर्सियां, खिड़कियों के शीशे, मेडिकल अलमारी और मरीजों के इस्तेमाल वाली व्हीलचेयर तक तोड़ डालीं। बीच-बचाव करने आए सुरक्षा गार्डों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। हालात बेकाबू होते देख ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। देर रात इमरजेंसी वार्ड में मची चीख-पुकार और तोड़फोड़ से भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों में दहशत का माहौल बन गया।