लोकसभा चुनाव से पहले AAP को उत्तराखंड में बड़ा झटका, कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

रविवार को पार्टी के प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट समेत कई पदाधिकारियों ने प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा दे दिया।

Share

लोकसभा चुनाव सिर पर हैं और सभी राष्ट्रीय व क्षेत्रीय पार्टियां जोर-शोर से तैयारियों में जुट गई हैं। विधानसभा चुनाव से उत्तराखंड में अपनी जमीन तलाश रही आम आदमी पार्टी को लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। Big setback for AAP in Uttarakhand रविवार को पार्टी के प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट समेत कई पदाधिकारियों ने प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा दे दिया। देहरादून व हल्द्वानी में सौंपे गए त्यागपत्र में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पार्टी आलाकमान पर संगठन के प्रति उपेक्षा का आरोप लगाया है। पार्टी और प्रदेश समन्वयक की जिम्मेदारी छोड़ने वाले जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि तीन माह से पार्टी की सभी इकाइयां भंग चल रही हैं। उन्होंने कहा कि आप के उत्तराखंड प्रभारी बरिंदर कुमार गोयल और सह प्रभारी रोहित महरोलिया को पद संभाले हुए 10 माह हो चुके हैं और उनकी तरफ से संगठन को मजबूत करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।

उधर, पार्टी के प्रदेश सहप्रभारी रोहित मैहरोलिया ने कहा, भाजपा के दबाव में आकर कुछ लोगों ने इस्तीफा दिया है। ये वे लोग है, जिनकी पार्टी की कार्यप्रणाली में कोई आस्था नहीं है। मैहरोलिया ने कहा, वर्तमान समय में आम आदमी पार्टी एक विशाल ट्रेन का स्वरूप ले चुकी है, जो अपने गंतव्य की ओर तेज गति से बढ़ रही है। रास्ते में पड़ रहे छोटे-बड़े स्टेशन पर यदि चार यात्री उतर रहे हैं, तो 500 यात्री ट्रेन में चढ़ रहे हैं। पिछले कुछ समय से पार्टी में अपने हित साधने को लेकर कुछ लोग अपनी मनमानी करने का दबाव बनाने का प्रयास कर रहे थे। पार्टी के संज्ञान में आया कि पार्टी से इस्तीफा देने वाले लोग दूसरे राजनीतिक दलों के संपर्क में थे। जो लोग 200 कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी छोड़ने की बात कह रहे हैं, उनके साथ सात लोग भी नहीं थे। संगठन का समर्पित कार्यकर्ता पार्टी के साथ है। भाजपा सरकार के दबाव में चंद लोग पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं।