उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आज प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। Uttarakhand Weather Update मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज दौर की बारिश भी हो सकती है। विभाग के मुताबिक खराब मौसम के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज 3 जून तक बना रह सकता है। इस दौरान रुक-रुक कर बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों, बिजली के खंभों और कमजोर इमारतों से दूर रहें। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।