बाजपुर में अमोनिया गैस का रिसाव! पांच घंटे तक मची अफरा-तफरी | Uttarakhand News

Spread the love

ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र के ग्राम पिपलिया में एक निजी फ्रोजन मटर प्लांट में अमोनिया गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच के मुताबिक, प्लांट में चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान अचानक गैस लीक होने लगी, जिससे आसपास के इलाके में घना धुंध जैसा माहौल बन गया। जहरीली गैस के फैलने से स्थानीय लोगों को आंखों में तेज जलन और सांस लेने में कठिनाई महसूस होने लगी, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में करीब पांच घंटे तक अफरा-तफरी मची रही। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और गदरपुर से एनडीआरएफ (NDRF) की विशेष टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने तुरंत आसपास के इलाके की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। एनडीआरएफ के जवानों ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लीक हो रहे गैस सिलेंडर को सफलतापूर्वक सील कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। घटना के बाद उपजिलाधिकारी (SDM) और प्रशासनिक टीम ने प्लांट का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के तहत प्रभावित हिस्से को सीज कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।