जौलजीबी मेले में माइक पर महाभारत! हरीश धामी के समर्थन में कांग्रेस, भाजपा का पलटवार!

Spread the love

पिथौरागढ़ जिले में 14 नवंबर को आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में माइक बंद किए जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़े राजनीतिक टकराव में बदल गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी ने मेले की अध्यक्षता के बावजूद बोलने का मौका न मिलने और माइक बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए मंच पर माइक फेंका और समर्थकों के साथ कुर्सियां व पोडियम गिरा दिए। इस मामले में जौलजीबी पुलिस ने विधायक हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद प्रदेश की दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं और पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विधायक का बचाव करते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताया और कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि को क्षेत्र की समस्याएं उठाने से रोकना गलत है।