उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने गृह क्षेत्र खटीमा के दौरे के दौरान एक बेहद सादगी भरे और आत्मीय अंदाज में नजर आए। 15 नवंबर को छठ पूजा कार्यक्रम से लौटते समय सीएम धामी ने खटीमा के मेलाघाट रोड स्थित एक स्थानीय कपड़े की दुकान ‘प्रदीप एंड कंपनी’ पर अपना काफिला रुकवाया। वहां उन्होंने एक सामान्य ग्राहक की तरह दुकानदारों से बातचीत करते हुए अपनी माता श्रीमती बिशना देवी के लिए साड़ी खरीदी। मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर स्थानीय व्यापारी और बाजार में मौजूद लोग उत्साहित हो गए।
इस खरीदारी के जरिए मुख्यमंत्री धामी ने स्थानीय व्यापारियों का उत्साहवर्धन करते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का सशक्त संदेश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर इस पल की तस्वीरें साझा करते हुए इसे अपने जीवन की सबसे अनमोल और आत्मीय अनुभूतियों में से एक बताया। साथ ही, उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे त्योहारों और विशेष अवसरों पर स्थानीय बाजारों और छोटे दुकानदारों से ही खरीदारी करें, क्योंकि हमारी यह छोटी-सी पहल उनके परिवारों की आजीविका को मजबूती प्रदान करती है।