उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के जखोली विकासखंड में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारातियों से भरा एक इको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक दुर्घटना में वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर करीब 1 बजे तिलवाड़ा-सूर्यप्रयाग-तैला मोटर मार्ग पर अर्जुन बैंड के समीप हुआ। बारात कुरछोला गांव से जखनोली की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ एसडीआरएफ (SDRF) और डीडीआरएफ (DDRF) की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं।
ग्रामीणों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और सभी घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में जिन तीन लोगों की जान गई है, उनकी पहचान कर ली गई है: विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41 वर्ष) वाहन चालक, निवासी ग्राम कुरछोला, बसंती देवी (52 वर्ष): निवासी ग्राम तैला, सुनीता देवी (35 वर्ष): निवासी ग्राम तैला, दुर्घटना में कुन्याली गांव निवासी सतपाल सिंह को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर किया गया है। इसके अलावा शिवानी (15), दिव्यांशी (13), अंजलि (26) और सुमीता का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।