उत्तराखंड के हरिद्वार जिले स्थित रुड़की वन विभाग कार्यालय से भ्रष्टाचार और अवैध वसूली का एक कथित मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विभाग के दफ्तर में तैनात एक प्रधान सहायक (बाबू) कथित तौर पर लोगों से पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रुड़की वन प्रभाग कार्यालय का एक बाबू अपनी कुर्सी पर बैठकर कुछ लोगों से नकदी लेता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में कर्मचारी को रकम गिनते और पैसे कम होने की बात कहते हुए भी सुना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह लेनदेन विभागीय फाइलों पर रिपोर्ट लगाने या किसी काम को आगे बढ़ाने के एवज में किया जा रहा था। हालांकि, वीडियो कब का है और किस काम के लिए पैसे लिए जा रहे थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
मामला संज्ञान में आते ही वन विभाग के उच्चाधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया है। रुड़की के उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) ज्वाला प्रसाद गौड़ ने पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। SDO का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति कौन हैं और किस मद में पैसे का लेनदेन हो रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद यदि कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सरकारी दफ्तर के भीतर खुलेआम पैसे के लेनदेन का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल सभी की नजरें विभागीय जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।