दिसंबर 2026 से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कर्मियों और भोजन माताओं का मानदेय, संगठनों ने सीएम धामी का किया धन्यवाद

Spread the love

उत्तराखंड की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजन माताओं के मानदेय में बढ़ोतरी के फैसले पर कर्मचारी संगठनों ने खुशी जाहिर की है। इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री आवास पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने आगामी दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार के इस संवेदनशील निर्णय से प्रदेश भर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बड़ा आर्थिक संबल मिलेगा और इससे उनके कार्य करने के मनोबल में भी वृद्धि होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंगनबाड़ी कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से राज्य के ग्रामीण और दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में उनकी सेवाएं सराहनीय हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं समाज की एक अहम कड़ी हैं और राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण व आर्थिक सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी को रेखांकित करते हुए उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।