उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर नया और गंभीर मोड़ आ गया है। दिवंगत अंकिता की मां सोनी देवी ने किसी विशेष व्यक्ति का नाम लिए बिना यह सनसनीखेज दावा किया है कि उन पर लगातार चुप रहने का दबाव बनाया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना द्वारा साझा किए गए एक वीडियो संदेश में सोनी देवी ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने सरकार के खिलाफ एक भी शब्द बोला, तो उनके पूरे परिवार का नामोनिशान मिटा दिया जाएगा और उन्हें बिना किसी सुराग के गायब कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि अंकिता के माता-पिता लंबे समय से इस मामले में कथित ‘वीआईपी’ (VIP) एंगल की निष्पक्ष सीबीआई (CBI) जांच और मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के नार्को टेस्ट की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। हाल ही में देहरादून में आयोजित छात्र संगठन आइसा (AISA) के एक सम्मेलन में भी सोनी देवी ने सत्ता में बैठे लोगों से न्याय की उम्मीद टूटने की बात कहते हुए उत्तराखंड की जनता से अपनी बेटियों की सुरक्षा के लिए आगे आने की भावुक अपील की थी। परिवार को मिल रही इन धमकियों के खुलासे के बाद एक बार फिर प्रदेश की राजनीति और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।