राजधानी देहरादून में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के प्रति उत्तराखंड पुलिस का एक बिल्कुल नया और बदला हुआ रूप देखने को मिला है। बुधवार को मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान हाथीबड़कला बैरिकेडिंग पर जिन जवानों को पुलिस की लाठियों का सामना करना पड़ा था, गुरुवार रात उन्हीं जवानों के धरना स्थल पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने अपने हाथों से खाना परोसकर उनकी मनुहार की। निदेशालय में तालाबंदी और बढ़ते तनाव के बाद प्रशासन द्वारा अपनाई गई इस ‘गांधीवादी’ और मानवीय पहल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है।
गौरतलब है कि प्रदेश भर से जुटे हजारों PRD जवान साल भर (365 दिन) नियमित रोजगार और होमगार्ड की तर्ज पर मानदेय व महंगाई भत्ता (DA) दिए जाने की मांग को लेकर बीते कई दिनों से लामबंद हैं। लाठीचार्ज से आक्रोशित जवानों ने गुरुवार को युवा कल्याण निदेशालय का घेराव कर अधिकारियों को अंदर बंद कर दिया था, जिससे टकराव की स्थिति गहरा गई थी। ऐसे में माहौल को शांत करने और आपसी विश्वास बहाल करने के लिए पुलिस ने सख्ती के बजाय संवाद और अपनत्व का रास्ता चुना, जिसे कंधे से कंधा मिलाकर ड्यूटी करने वाले जवानों के प्रति एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।