देहरादून के मोहब्बेवाला में फिर बड़ा हादसा, गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ अंदर पलटा ईंटों से भरा ट्रक!

Spread the love

देहरादून के क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहब्बेवाला चौक पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां ईंटों से लदा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित ग्राफिक एरा गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़कर सीधे परिसर के अंदर जा घुसा और पलट गया। Mohbbewala Truck Accident यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे उस वक्त हुई जब सहारनपुर की दिशा से आ रहा ट्रक मोहब्बेवाला ढाल के पास पहुंचा। ट्रक चालक के अनुसार, सड़क पर बनी रंबल स्ट्रिप के कारण आए जोरदार उछाल की वजह से अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों और राहगीरों को बचाने के प्रयास में चालक ने स्टीयरिंग को किनारे की तरफ मोड़ दिया, जिसके बाद बेकाबू ट्रक हॉस्टल की मजबूत दीवार को ध्वस्त करते हुए अंदर दाखिल हो गया। गनीमत यह रही कि सुबह का समय होने के कारण हॉस्टल परिसर के उस हिस्से में कोई छात्रा मौजूद नहीं थी, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया और सभी सुरक्षित हैं, जबकि घायल ट्रक चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और परिजनों में भारी आक्रोश है, क्योंकि मोहब्बेवाला क्षेत्र अब एक बेहद खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट’ में तब्दील हो चुका है। पिछले महज 9 महीनों के भीतर इस ढाल वाले मार्ग पर 7 से अधिक बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं, जिसमें अभी हाल ही में 20 सितंबर को हुआ एक जानलेवा एक्सीडेंट भी शामिल है। बार-बार हो रही इन दुर्घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग और स्थानीय प्रशासन की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।