गंगोत्री धाम की यात्रा पर आए एक और तीर्थयात्री की मौत, चारधाम में अब तक 13 की गई जान

गंगोत्री धाम की यात्रा पर आई एक महिला श्रद्धालु की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। चारधाम में अब तक 13 लोगो की गई जान।

Share

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा जोरों-शोरों से चल रही है। चारों धामों में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे सरकार एक तरफ उत्साहित है तो वहीं दूसरी तरफ चिंतित भी नजर आ रही है। Uttarakhand Chardham Yatra 2024 क्योंकि, अत्यधिक श्रद्धालुओं के आने से व्यवस्थाएं चरमराती नजर आ रही है। गंगोत्री धाम की यात्रा पर आई एक महिला श्रद्धालु की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य खराब होने पर महिला को चिकित्सालय में भर्ती करवाया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रामेश्वरी देवी (59) पत्नी गिरिराज शर्मा निवासी 73 श्री राम निर्वाणा, रोहता आगरा उत्तर प्रदेश बृहस्पतिवार को गंगोत्री धाम की यात्रा पर आई थीं। स्नान के दौरान उनका स्वास्थ्य खराब होने पर परिजनों द्वारा विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान रामेश्वरी की मृत्यु हो गई। शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। मृत्यु का कारण हृदय गति रुकना बताया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि उनको चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन के अनुसार जो तिथि मिली है, उसके अनुसार ही दर्शन के लिए आएं। धामी ने सभी श्रद्धालुओं से स्वास्थ्य परीक्षण और मौसम का पूर्वानुमान देखने के बाद ही चारधाम यात्रा पर आने के लिए अनुरोध किया। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि चारधाम यात्रा भी सुरक्षित हो और सभी श्रद्धालु भी स्वस्थ और सुरक्षित हों। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि चारो धामों में 31 मई तक वीआईपी दर्शन की व्यवस्था स्थगित रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चारों धामों में प्रतिदिन के लिए जो क्षमता निर्धारित की गई है, उसके अनुसार ही दर्शन के लिए भेजे जाएं।