बदरी-केदार में QR कोड का खेल फिर सुर्खियों में!| Uttarakhand News

Spread the love

बदरी-केदार धामों में बहुचर्चित ‘QR कोड’ का खेल एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है, जिससे उत्तराखंड के प्रशासनिक और धार्मिक हलकों में खलबली मच गई है। वर्ष 2023 की चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिरों के बाहर बिना किसी आधिकारिक अनुमति और मंदिर समिति के रिकॉर्ड के Paytm के QR कोड बोर्ड लगाए गए थे, जो श्रद्धालुओं से डिजिटल दान वसूलने के लिए इस्तेमाल हो रहे थे। इस गंभीर वित्तीय हेरफेर और पारदर्शिता के उल्लंघन को लेकर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने शासन को एक कड़ा पत्र लिखकर पूरे मामले की विशेष जांच दल (SIT) से विस्तृत जांच कराने की मांग की थी। पूर्व अध्यक्ष की इस चिट्ठी का कड़ा संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड शासन के पर्यटन विभाग ने मामले में बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पर्यटन विभाग की अनु सचिव सोनिया भारती द्वारा जारी आदेश के बाद चमोली और रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारियों (DM) से इस पूरे प्रकरण पर विस्तृत जांच आख्या (रिपोर्ट) तलब की गई है। शासन की इस त्वरित सक्रियता के बाद सालों से ठंडे बस्ते में पड़े इस डिजिटल दान घोटाले की परतें एक बार फिर खुलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे यात्रा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभागों में हड़कंप का माहौल है।