उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही हर जिले में चुनावी माहौल देखा जा सकता है। विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में शायद इतनी चुनावी चकल्लस नहीं होती होगी, Municipal Elections Uttarakhand जितनी छोटी सरकार के चुनावों की सरगर्मी हर जगह देखी जा रही है। इस बीच भाजपा ने निकाय चुनाव से पूर्व ही कांग्रेस को गढ़वाल क्षेत्र में बड़ा झटका देते हुए श्रीनगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष को पार्टी में शामिल किया है। पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत की मौजूदगी में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विपिन मैठाणी को औपचारिक सदस्यता दिलाई गई।
इस मौके पर पूर्व में कम अंतर से पालिका अध्यक्ष चुनाव हारने वाली निर्दलीय प्रत्याशी आशा उपाध्याय एवं ऋषिकेश से कांग्रेस पार्षद जगत नेगी और पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी पुष्कर बंगवाल ने भी भाजपा का दामन थामा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नए सदस्यों का फूलमाला और पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी नए लोगों को बधाई देते हुए निकाय चुनावों में जुट जाने का आह्वाहन किया। उन्होंने कहा, लगातार विभिन्न दलों से लोगों के आने का क्रम बताता है कि प्रदेश में हवा का रुख भाजपा की तरफ हैं। साथ ही आग्रह किया कि 2025 के पहले माह, सभी को एकजुट होकर कार्य करना है ताकि निकाय चुनाव में भी हम पिछले सभी जीत के रिकॉर्डों को तोड़ने में सफल हों।