38वें राष्ट्रीय खेलों का काउंटडाउन शुरू, 3823 KM की यात्रा पर रवाना हुई खेल मशाल “तेजस्विनी”

Share

38 वे राष्ट्रीय खेलों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बीच खेल मशाल “तेजस्विनी” गुरुवार को हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम से 3823 किलोमीटर की यात्रा पर रवाना हुई। 38th National Games in Uttarakhand तेजस्विनी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने रवाना किया। अगले 33 दिन खेल मशाल तेजस्विनी 3823 किलोमीटर का सफर करते हुए प्रदेश के सभी 13 जिलों से होकर गुजरेगी और खेल उद्घाटन की पूर्व संध्या पर देहरादून पहुंचेगी।गौलापार के बैडमिंटन काम्प्लेक्स में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों से इन खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज से राष्ट्रीय खेलों के औपचारिक आयोजन शुरू हो रहे हैं और खिलाड़ियों को जीत के अपने संकल्प को इतना मजबूत करना होगा कि वह शिखर तक पहुंच सकें।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप इन खेलों में इतिहास बदल दीजिए, हमें टाप 5 में आना है। उन्होंने कहा कि अगर आप ऐसा कर सके तो आप आने वाली पीढ़ी के लिए आदर्श बन जाएंगे, आपकी देखादेखी प्रदेश में हजारों खिलाड़ियों की फौज तैयार होगी। खेल मंत्री ने कहा कि सरकार ने खेल को कैरियर बनाने के लिए युवाओं के खातिर सारे रास्ते खोल दिए हैं। खेल मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाएं न सिर्फ खिलाड़ियों को तैयार करने में बचपन से उनकी मदद कर रही है बल्कि पदक जीतने पर अब उनका करियर बनाने की गारंटी भी सरकार की है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गौलापार को खेल विश्वविद्यालय के रूप में बहुत बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है,और अब गौलापार खिलाड़ियों का नया तीर्थ बनकर उभरेगा। खेल विश्वविद्यालय में सिर्फ खिलाड़ियों का हुनर तराशनेमें मदद करेगा बल्कि उनके करियर को भी संवारेगा।