चम्पावत को मिलेगी बड़ी सौगात: रक्षा मंत्री ने सीएम धामी को लिखा पत्र

Spread the love

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर सीमांत जनपद चम्पावत में पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) पॉलीक्लिनिक स्थापित करने के प्रस्ताव पर रक्षा मंत्रालय द्वारा सकारात्मक रूप से विचार किए जाने की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्वतीय क्षेत्र में निवासरत पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए इस केंद्र को खोलने का विशेष आग्रह किया था। इस पत्र के माध्यम से रक्षा मंत्री ने राज्य सरकार को आश्वस्त किया है कि केंद्र सरकार इस प्रस्ताव पर पूरी गंभीरता से आगे बढ़ रही है।इस ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की स्थापना से चम्पावत और आसपास के दूरस्थ इलाकों के हजारों पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में नियमित जांच, विशेषज्ञ परामर्श और आवश्यक दवाओं के लिए पूर्व सैनिकों को हल्द्वानी, बरेली या अन्य दूरस्थ शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से सीमांत क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को उनके घर के समीप ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सकेंगी।