मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। गैरसैंण में मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम धामी ने रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहे पारिवारिक व राजनीतिक विवाद पर मंत्री का दृढ़ता से बचाव किया। दोनों के 22 साल पुराने वैवाहिक संबंधों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक मंत्री ने कुछ गलत करने से मना नहीं किया, तब तक स्थितियां सामान्य थीं, लेकिन जैसे ही उन्होंने अनुचित कार्यों का विरोध किया, उन पर तरह-तरह के मनगढ़ंत और गलत आरोप लगाए जाने लगे। ₹210 करोड़ के कथित घोटाले के आरोपों पर बोलते हुए सीएम ने साफ किया कि किसी भी ऑडियो क्लिप में कुछ कह देने मात्र से कोई दोषी साबित नहीं हो जाता और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री धामी ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला और उसे भ्रष्टाचार की जननी करार दिया। उन्होंने रेखा आर्य के मामले पर राजनीति कर रही कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो खुद देश और प्रदेश के सबसे बड़े घोटालेबाज हैं, वे आज दूसरों पर उंगली उठा रहे हैं। सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और बिना किसी पुख्ता सबूत के केवल राजनीतिक द्वेष भावना से लगाए जा रहे आरोपों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस मुखर रुख के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।