सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा लगातार किए जा रहे औचक निरीक्षणों और सख्त तेवरों से जिले के अधिकारियों व कर्मचारियों में भारी हलचल मची हुई है। जिलाधिकारी ने हाल ही में गंगोलीहाट तहसील, विकास भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का आकस्मिक दौरा कर सरकारी व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। गंगोलीहाट तहसील में राजस्व अभिलेखों और पटलों की जांच के दौरान कार्यों में गंभीर लापरवाही सामने आने पर डीएम ने रजिस्ट्रार कानूनगो से स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश दिए, जबकि क्षेत्र में बन रही बहुमंजिला पार्किंग के काम की धीमी प्रगति पर कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण शीघ्र पूरा करने की चेतावनी दी।
इससे पूर्व, विकास भवन के औचक निरीक्षण में समाज कल्याण और ग्रामीण निर्माण सहित कई विभागों के कर्मचारी बिना अनुमति दफ्तर से नदारद पाए गए थे, जिस पर डीएम ने सभी गैरहाजिर कर्मियों से जवाब तलब कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में हीलाहवाली, फाइलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी और दफ्तरों से गायब रहने की प्रवृत्ति किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कार्मिकों को समय पर उपस्थित होने, परिचय पत्र पहनने, सीटों पर नाम पट्टिका लगाने और आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने की सख्त हिदायत दी है, जिसके बाद से पूरे जिला प्रशासन में अनुशासन को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।