उत्तराखंड में बीते दिन बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से कड़ाके की ठंड बढ़ गई, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। Uttarakhand Weather Update Today लोग ठंड में घरों से निकलने से कतरा रहे हैं और जरूरी कार्य के लिए ही घरों से निकल रहे हैं। वहीं ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में कोहरे से वाहन रेंगते दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग ने 18 से 22 जनवरी के बीच ऊंचे जिलों में बादल छाने के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना जताई है। तीन हजार मीटर से ऊंचाई वाली चोटियों पर हिमपात होने से हवा सर्द रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपद में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। जबकि शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग ने बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। वहीं राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने की आशंका जताई गई है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ सकती है। गुरुवार को उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। गंगोत्री, हर्षिल घाटी, यमुनोत्री और केदारघाटी की चोटियों पर जमकर बर्फबारी हुई। चमोली जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में बर्फबारी का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे।