उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज हुई राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में जनहित, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कुल 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सरकार ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत देते हुए वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा को बढ़ा दिया है। कैबिनेट के सबसे अहम फैसले के तहत वन आरक्षी के पदों पर भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा को 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दिया गया है। सरकार की ओर से दी गई यह आयु सीमा में छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। इसके साथ ही बैठक में ‘उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026’ को भी हरी झंडी दे दी गई है, जिससे वन विभाग में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज बनाया जा सकेगा।
पीजी डॉक्टरों के लिए दो साल की सेवा अनिवार्य: प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कैबिनेट ने तय किया है कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों से स्नातकोत्तर (PG) करने वाले डॉक्टरों को डिग्री पूरी करने के बाद राज्य के सरकारी अस्पतालों में दो साल तक अनिवार्य सेवा देनी होगी।
आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तोहफा: कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये की बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि पर अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया है।
उपनल (UPNL) कर्मचारी: ‘समान कार्य-समान वेतन’ के दायरे में कट-ऑफ तिथि के कारण बाहर रह गए उपनल कर्मचारियों को भी इस लाभ में शामिल करने की मंजूरी दी गई है।
आंदोलनकारियों को आरक्षण: राज्य आंदोलनकारियों को दिए जाने वाले 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ प्रदेश की हालिया भर्तियों में भी लागू करने का निर्णय लिया गया है।
पूर्ण साक्षर राज्य: उत्तराखंड को ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ घोषित करने के प्रस्ताव को कैबिनेट की स्वीकृति मिल गई है।
भूमि और कर में राहत: बापू ग्राम आरक्षित वन क्षेत्र की 594 एकड़ भूमि सहित अन्य क्षेत्रों को डी-नोटिफाई करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। इसके अलावा भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों को घटाकर एक-चौथाई कर दिया गया है। आबकारी नियमावली में संशोधन कर वैट और सेस पर लगने वाला दोहरा कर भी समाप्त किया गया है।
हरिद्वार परिवहन और चारधाम यात्रा: हरिद्वार शहर के लिए नई सार्वजनिक परिवहन प्रणाली और रूट्स को मंजूरी दी गई है। वहीं, चारधाम यात्रा में शामिल होने वाले पशुओं के बीमा प्रीमियम का 20 प्रतिशत हिस्सा अब राज्य सरकार खुद वहन करेगी।