उत्तराखंड में नवंबर के आखिरी दिनों में मौसम के बदले पैटर्न का सीधा असर अब जनजीवन पर दिखने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश भर में ठिठुरन बढ़ने वाली है। विभाग ने मैदानी इलाकों में घने कोहरे और पर्वतीय जिलों में पाला गिरने को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, आज (27 नवंबर) और कल (28 नवंबर) मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। इसका असर देहरादून, नैनीताल, पौड़ी और चंपावत के घाटी वाले क्षेत्रों में भी हल्के से मध्यम कोहरे और धुंध के रूप में देखने को मिल सकता है। दूसरी ओर, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले और घाटी क्षेत्रों में पाला गिरने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क (सूखा) बना रहेगा। फिलहाल बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। बारिश न होने के कारण प्रदेश में ‘सूखी ठंड’ का प्रकोप बढ़ गया है। दिन के समय चटख धूप खिलने से तापमान सामान्य के आसपास रहता है, लेकिन सूरज ढलते ही और सुबह के वक्त हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस हो रही है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में रात का तापमान शून्य से काफी नीचे पहुंच चुका है। पहाड़ी सड़कों पर पाला जमने से सुबह-शाम फिसलन का खतरा बढ़ गया है। वहीं, मैदानी मार्गों पर कोहरे के कारण दृश्यता कम रहने से वाहन चालकों को धीमी गति और फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी गई है। दिन में गर्मी और सुबह-शाम की कड़ाके की ठंड के बीच तापमान में बड़े अंतर से मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।