आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की राजनीति में गरमाहट तेज हो गई है। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार (26 नवंबर 2026) को प्रदेश कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राजधानी देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान के समापन पर ‘भ्रष्टाचार की पोटली’ लेकर लोकभवन (राजभवन) की ओर कूच कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से ‘संविधान बचाओ मार्च’ के रूप में शुरू हुए इस प्रदर्शन में प्रदेश भर से जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। जैसे ही काफिला हाथीबड़कला चौकी के पास पहुंचा, पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग लगाकर मार्च को रोक दिया। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। मौके पर काफी देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति बनी रही। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दावा किया कि पुलिस ने हजारों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। बाद में प्रशासन की ओर से मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
2027 के चुनावी समर से पहले कांग्रेस ने इस आंदोलन के जरिए अपनी एकजुटता दिखाने की कोशिश की। मार्च में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और हरक सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कुमारी सैलजा ने इस दौरान कार्यकर्ताओं को संविधान की रक्षा की प्रतिज्ञा भी दिलाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पखवाड़े भर तक चले हस्ताक्षर अभियान के तहत एकत्र किए गए जनभावनाओं के दस्तावेजों को प्रतीकात्मक रूप से ‘भ्रष्टाचार की पोटली’ बनाकर राज्यपाल को सौंपने के लिए यह मार्च निकाला गया है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि संविधान के साथ हो रही छेड़छाड़ और प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ यह मार्च बदलाव की आंधी है, जो अब रुकने वाली नहीं है।
कांग्रेस ने धामी सरकार पर मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार पर कार्रवाई न करने, भाई-भतीजावाद, बेरोजगारी, पहाड़ों से पलायन, महिला सुरक्षा और अंकिता भंडारी मामले में जनभावनाओं की अनदेखी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के इस आक्रामक रुख पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के इस लोकभवन कूच को खारिज करते हुए इसे महज एक राजनीतिक “नाटक” करार दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस इस तरह के आंदोलनों के जरिए अपने कैडर को सक्रिय करने और सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी माहौल बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। वहीं, भाजपा इसे विपक्ष की हताशा बताकर विकास कार्यों के दम पर जवाब देने की तैयारी में है। आने वाले दिनों में दोनों प्रमुख दलों के बीच यह सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं।