हरिद्वार के नीलेश्वर महादेव मंदिर में हाथी!घंटी बजाकर भगाने की कोशिश!| Uttarakhand News

Spread the love

हरिद्वार के प्रसिद्ध नीलेश्वर महादेव मंदिर में देर रात एक जंगली हाथी के घुसने से हड़कंप मच गया, जिसका सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पास के राजाजी नेशनल पार्क के घने जंगलों से निकलकर यह गजराज अचानक मंदिर परिसर के मुख्य द्वार को पार करते हुए भीतर दाखिल हो गया। हाथी को अचानक सामने देख वहां मौजूद सेवादारों और पुजारियों के होश उड़ गए और परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हाथी ने वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों को दौड़ाया भी, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई।

इस आपातकालीन स्थिति में मंदिर के स्टाफ ने सूझबूझ का परिचय दिया और हाथी को डराकर भगाने के लिए मंदिर के बड़े घंटे और घंटियों को पूरी ताकत से जोर-जोर से बजाना शुरू कर दिया। तेज आवाज और भारी शोर सुनकर हाथी थोड़ा ठिठका, लेकिन काफी देर तक वहीं चहलकदमी करता रहा। इसके बाद तुरंत वन विभाग की श्यामपुर रेंज टीम को सूचित किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित रूप से वापस जंगल की तरफ खदेड़ दिया।