उत्तराखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत, ऋषिकेश के कद्दावर समाजसेवी और पूर्व मेयर प्रत्याशी श्री दिनेश चंद्र (मास्टरजी) ने आज देहरादून स्थित उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी की विधिवत सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। दिनेश चंद्र ‘मास्टरजी’ की जनसेवा के प्रति निष्ठा और सामाजिक सरोकारों में उनकी सक्रिय भूमिका किसी से छिपी नहीं है। जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ और बेबाक छवि उन्हें अन्य नेताओं से अलग करती है। उक्रांद में शामिल होने के बाद दिनेश चंद्र ने कहा कि वे हमेशा से दिल से पार्टी और उत्तराखंड की अस्मिता के साथ रहे हैं, लेकिन आज से वे आधिकारिक रूप से इस दल को और अधिक मजबूती देने के लिए संकल्पित हैं।