उत्तराखंड में गर्मी दिखाएगी अपने तेवर, फिर आसमान से गिरेंगी राहत की बूंदें; जानें कैसा रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अप्रैल के पहले सप्ताह से ही गर्मी बढ़ने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है, अप्रैल माह से ही प्रदेश भर में गर्मी बढ़ेगी।

Share

उत्तराखंड में अप्रैल के महीने में गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। प्रदेश के मैदानी जनपदों के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में भी सामान्य तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। Uttarakhand Weather Report Today मैदानी इलाकों में बीते तीन दिन से सामान्य तापमान में इजाफा हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अप्रैल के पहले सप्ताह से ही गर्मी बढ़ने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है, अप्रैल माह से ही प्रदेश भर में गर्मी बढ़ेगी। इसकी मुख्य वजह सर्दी के सीजन में बारिश का कम होना है। आंकड़ों पर नजर डालें तो मार्च महीने में पूरे प्रदेश भर में सामान्य से सिर्फ 29 फीसदी अधिक बारिश हुई है। जबकि दिसंबर-जनवरी में बर्फबारी का कम होना भी गर्मी बढ़ने का कारण है। मौसम विभाग की ओर से अगले तीन दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की आशंका जताई गई है। जिससे पारे में तेजी से वृद्धि हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और चटख धूप खिलने के आसार हैं। इसके साथ ही अगले तीन दिन मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बेहाल कर सकती है। हालांकि, चार अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों में बादल डेरा डाल सकते हैं। हल्की वर्षा के भी आसार हैं। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 36.3 और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 21.4 और न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 22.1 न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।