उत्तराखंड में सक्रिय मानसून के चलते आज भी आसमानी आफत का सिलसिला जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज देहरादून, नैनीताल, टिहरी और बागेश्वर समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों पर लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तीव्र आंधी-तूफान के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासनों ने प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं। मौसम के खराब रुख को देखते हुए देहरादून और नैनीताल जिलों में आज (1 सितंबर) पहली से 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला किया गया है।
देहरादून और टिहरी गढ़वाल में भारी से अति भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट लागू है। वहीं नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए मूसलाधार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बादलों की तीव्र गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिरने का गंभीर खतरा जताया गया है। SDRF ने चारधाम यात्रियों और स्थानीय निवासियों को नदी-नालों के किनारे न जाने और बेहद जरूरी होने पर ही पहाड़ों में यात्रा करने की सख्त हिदायत दी है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह सिलसिला 5 सितंबर तक रुक-रुक कर जारी रहने की संभावना है।